देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर सख्ती, क्यूआरटी टीमों का छापामार निरीक्षण, कंट्रोल रूम से निगरानी तेज
देहरादून,18 मार्च 2026
। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) गठित कर दी गई हैं, जो लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं।
क्यूआरटी टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण प्रणाली की जांच की। प्रशासन का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो और किसी भी स्तर पर अनियमितता न हो।
जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से पूरे जिले में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। कंट्रोल रूम में तैनात जिला पूर्ति विभाग की टीम गैस सिलेंडर की उपलब्धता और आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान कर रही है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आज जिले में लगभग 18,546 उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर और 239 उपभोक्ताओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं घरेलू गैस सिलेंडरों में करीब 95 हजार का बैकलॉग बना हुआ है। वर्तमान में जिले में घरेलू गैस के 41,348 और व्यावसायिक गैस के 1,821 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू और व्यावसायिक दोनों श्रेणियों में एलपीजी सिलेंडरों की मांग बढ़ी है, जिसे देखते हुए आपूर्ति को और सुचारू बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


