कमर्शियल सिलेंडर संकट से होटल-रेस्टोरेंट व्यवसायी परेशान, दुकानें बंद होने की कगार पर

देहरादून,11 मार्च 2026। दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल मुख्यालय में बुधवार को होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा व्यवसाय से जुड़े पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने से उत्पन्न गंभीर संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आर्थिक तंगी के कारण उन्हें अपनी दुकानें बंद करने की नौबत आ सकती है।
बैठक के दौरान अध्यक्ष पंकज मैसोंन (सदस्य, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड) की किसी कारणवश अनुपस्थिति रही। इस दौरान पदाधिकारियों ने उनसे फोन पर वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया।
फोन पर बातचीत के दौरान पंकज मैसोंन ने सभी होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों से अपील करते हुए कहा कि फिलहाल उपलब्ध संसाधनों का संयमित उपयोग करें और जहां तक संभव हो कम से कम गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करें। उन्होंने व्यवसायियों को वैकल्पिक रूप से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर भी ध्यान देने की सलाह दी।
मैसोंन ने स्पष्ट कहा कि यदि अगले दो-तीन दिनों में कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति की स्थिति सामान्य नहीं होती है तो व्यापारी संगठन प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसायियों की इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए वार्ता करेगा।
बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने भी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।



