दून मेडिकल कॉलेज में सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लांट पर विशेष प्रशिक्षण, चिकित्सकों को दी आधुनिक परिवार नियोजन तकनीक की जानकारी

देहरादून 09 मार्च।
Doon Medical College Hospital में महिलाओं की परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लांट (Subdermal Contraceptive Implant) विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत चिकित्सकों की क्षमता वृद्धि करना तथा आधुनिक और सुरक्षित गर्भनिरोधक सेवाओं को स्वास्थ्य संस्थानों तक प्रभावी रूप से पहुँचाना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में Dr. Geeta Jain, Dr. Roli Seth तथा Dr. Lalitika ने प्रतिभागियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान सबडर्मल इम्प्लांट की तकनीक, इसके सुरक्षित उपयोग, मरीज चयन, परामर्श प्रक्रिया तथा संभावित जटिलताओं के प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में उत्तराखंड के विभिन्न तृतीयक (Tertiary Care) अस्पतालों और जिला अस्पतालों से आए आठ चिकित्सकों/प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों को सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लांट लगाने और निकालने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे वे अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों में इस सेवा को प्रभावी रूप से उपलब्ध करा सकें।
कार्यक्रम में Ministry of Health and Family Welfare के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत दी जा रही आधुनिक गर्भनिरोधक सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने बताया कि सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लांट एक दीर्घकालिक, सुरक्षित और प्रभावी गर्भनिरोधक विधि है, जो महिलाओं को कई वर्षों तक अनचाहे गर्भ से सुरक्षित रखने में सहायक होती है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी, चिकित्सक तथा कार्यक्रम से संबंधित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।


