उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

नैनीताल की झीलों का होगा कायाकल्प: भीमताल, नौकुचियाताल और कमलताल विकास योजनाओं को मिली रफ्तार

देहरादून,06 मार्च 2026। उत्तराखंड सरकार ने पर्यटन जनपद नैनीताल की प्रमुख झीलों के सौन्दर्यीकरण और पुनर्विकास की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में नैनीताल जनपद से संबंधित आवास विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में डॉ. ललित मोहन रयाल (जिलाधिकारी नैनीताल) वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान उप सचिव आवास रजनीश जैन, अनुसचिव वित्त गौरीशंकर जोशी तथा राज्य सरकार के विशेष सलाहकार जी.पी. पंत भी उपस्थित रहे।
भीमताल झील के सौन्दर्यीकरण पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में भीमताल झील के पुनर्विकास और सौन्दर्यीकरण परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2567.49 लाख रुपये निर्धारित की गई है। योजना का उद्देश्य झील क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से अधिक आकर्षक, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाना है, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास हो।
पाथ-वे, पार्क और पार्किंग जैसी सुविधाएं होंगी विकसित
परियोजना के तहत झील के चारों ओर सुरक्षित और आकर्षक पाथ-वे का निर्माण किया जाएगा, जिससे पर्यटक आसानी से झील के आसपास भ्रमण कर सकेंगे। इसके अलावा सुभाष पार्क और दीनदयाल पार्क का सौन्दर्यीकरण, लगभग 40 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, लैंडस्केपिंग, आधुनिक उपकरणों की स्थापना, ओपन सिटिंग एरिया तथा बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही पूरे क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युत्तीकरण भी किया जाएगा।
नौकुचियाताल और कमलताल के विकास की भी योजना
बैठक में नौकुचियाताल झील और कमलताल झील के पुनर्विकास और सौन्दर्यीकरण परियोजना की भी समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत 2097.02 लाख रुपये आंकी गई है। योजना के तहत नौकुचियाताल झील के चारों ओर लगभग 2089 मीटर लंबा पाथ-वे बनाया जाएगा, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
पर्यटकों के लिए बनेंगे गजिबो, सेल्फी प्वाइंट और बोटिंग स्टैंड
परियोजना के तहत झील क्षेत्र में चार गजिबो, एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, पार्किंग सुविधा और बोटिंग स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही लैंडस्केपिंग, बच्चों के खेलने के लिए आधुनिक उपकरण, हॉर्टिकल्चर कार्य और विद्युत व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। इन सुविधाओं के विकसित होने से नौकुचियाताल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नैनीताल जनपद की झीलों के आसपास पर्यटन सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होंगे।
आवास सचिव डॉ.आर.राजेश कुमार ने कहा कि नैनीताल जनपद की झीलें उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर हैं और इनके संरक्षण व सुव्यवस्थित विकास के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि झीलों के आसपास स्वच्छता, हरियाली और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का संतुलित विकास हो सके।

Related Articles

Back to top button