डीएम सविन बंसल का औचक निरीक्षण: भगवानपुर स्थित आंगनबाड़ी सामग्री गोदाम पर छापेमारी, अंडे-फल के सैंपल लिए

देहरादून,
05 मार्च 2026 । केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित देहरादून-हरिद्वार दौरे की समीक्षा से लौटते समय जिलाधिकारी सविन बंसल ने तहसील भगवानपुर स्थित राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण सामग्री आपूर्ति करने वाले सेंट्रल गोदाम का औचक निरीक्षण किया। लंबे समय से विभिन्न माध्यमों से आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजी जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर मिल रहे इनपुट के बाद यह कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने माढी चौक, भगवानपुर स्थित गोदाम का निरीक्षण कर वहां रखी खाद्य सामग्री की जांच की। निरीक्षण के दौरान खजूर, केले और अंडों के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए सुरक्षित किया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा तापमान नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आपूर्तिकर्ता से सामग्री के गुणवत्ता प्रमाण पत्र भी मांगे गए हैं।
इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन आपूर्ति के लिए डिस्पैच किए जा रहे वाहनों को भी मौके पर रुकवाकर जांच की गई। टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए सामग्री लेकर रवाना होने वाले वाहनों की जांच कर खाद्य सामग्री के नमूने परीक्षण के लिए लिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि राज्य के नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी शिकायत की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
छापेमारी के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरि गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव, कानूनगो भगवानपुर संजय कुमार, श्रम विभाग से अनिल पुरोहित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


