चरदीकला वेलफेयर फाउंडेशन ने आयोजित किया हेल्थ व फिटनेस सेमिनार, सेहत को बताया जीवन की असली ताकत

देहरादून 01 मार्च 2026 । चरदीकला वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आज वसंत विहार स्थित मसल फैक्ट्री जिम में हेल्थ एवं फिटनेस जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य युवाओं, परिवारों और समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में फिटनेस एक्सपर्ट, मोटिवेशनल स्पीकर एवं विभिन्न क्षेत्रों में छह बार के वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर तेजिंदर सिंह बॉबी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “ताकत वही जो सेहत के साथ हो, जीत वही जो जीवनभर साथ हो।”
उन्होंने इस पहल को युवा शक्ति और समाज की बेहतर सेहत के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह समय अपने शरीर, सेहत और भविष्य के लिए सही निर्णय लेने का है।
तेजिंदर सिंह बॉबी ने फिटनेस को केवल मसल्स या बाहरी दिखावे तक सीमित न मानते हुए कहा कि फिटनेस जीवन जीने का तरीका है, जो शरीर को मजबूत, दिमाग को स्थिर और आत्मविश्वास को बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं और तकनीक के बावजूद लोग शारीरिक व मानसिक रूप से संघर्ष कर रहे हैं, जिसका एक बड़ा कारण गलत जानकारी और सही मार्गदर्शन की कमी है।
उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि फिटनेस से जुड़ी जानकारी हमेशा विशेषज्ञों से ही लें, क्योंकि अनट्रेंड कोच और भ्रामक सलाह कई बार नुकसानदेह साबित होती है।
सेमिनार के दौरान उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम, शुद्ध व घर का बना भोजन, आहार में हरी सब्जियां, फल, दाल, अंडे, मछली और नट्स शामिल करने, शराब व सिगरेट से दूर रहने तथा दैनिक जीवन में शारीरिक श्रम को अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के प्रश्नों के उत्तर भी उन्होंने विस्तार से दिए।
कार्यक्रम में फिटनेस एक्सपर्ट एवं चरदीकला वेलफेयर फाउंडेशन के डायरेक्टर आस्तीक थपलियाल के साथ डायरेक्टर्स सुखजिंदर सिंह, नवीन कुमार, राहुल निर्मानिया, प्रदीप असवाल, राजा शर्मा, अनुज कन्नौजिया, राहुल वर्मा एवं रजत चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


