सऊदी अरब में अमेरिकी एयर बेस पर हमले की खबर से परिजन चिंतित, फोन पर बातचीत के बाद मिली राहत

झिंझाना,शामली। सऊदी अरब तथा अन्य देशों में स्थित अमेरिकी एयर बेस पर ईरान द्वारा किए गए हमले की सूचना मिलते ही कस्बे में उन परिवारों की चिंता बढ़ गई, जिनके सदस्य विदेशों में नौकरी कर रहे हैं। हालांकि फोन पर बातचीत के बाद हालात सामान्य होने की जानकारी मिलने से परिजनों ने राहत महसूस की।
कस्बा निवासी खुर्शीद आलम ने बताया कि उनका बेटा तस्लीम आलम जेद्दा से करीब 500 किलोमीटर दूर हाइल शहर में नौकरी करता है। उन्होंने फोन पर तस्लीम का हालचाल लिया। तस्लीम ने बताया कि वहां इस तरह की कोई चर्चा नहीं है और माहौल पूरी तरह शांत है। लोग अपने कारोबार और कामकाज में व्यस्त हैं।
मोहल्ला पठानान निवासी शेर अफगान ने बताया कि उनका पुत्र ओसामा खान पिछले करीब छह वर्षों से सऊदी अरब की राजधानी रियाद में नौकरी कर रहा है। हमले की खबर सुनते ही परिवार चिंतित हो गया था, लेकिन रविवार सुबह ओसामा से फोन पर बातचीत होने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई। ओसामा ने परिजनों को बताया कि अमेरिकी एयर बेस रियाद शहर से काफी दूरी पर स्थित है और वहां फिलहाल सामान्य स्थिति बनी हुई है। शहर में रोजमर्रा की गतिविधियां पहले की तरह जारी हैं।
रिर्पोट : झिंझाना से मौ० हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।
