राज्यपाल ने लोक भवन में होली मिलन एवं उत्कृष्ट सम्मान समारोह में किया प्रतिभाग, कर्मियों को किया सम्मानित

लोक भवन,देहरादून 26 फरवरी,2026 । लोक भवन में गुरुवार को होली मिलन एवं उत्कृष्ट सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रतिभाग करते हुए लोक भवन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को मिलने वाला सम्मान उसके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल होता है। उन्होंने कहा कि सम्मान के साथ जिम्मेदारियाँ भी बढ़ जाती हैं, क्योंकि सम्मानित व्यक्ति से परिवार, समाज और कार्यस्थल सभी को अधिक अपेक्षाएँ होती हैं।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में अनुशासन और मर्यादा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए इनका पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि उत्कृष्टता की कोई सीमा नहीं होती, इसलिए निरंतर सुधार और बेहतर कार्य करने का प्रयास जारी रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्मिकों को सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जीवन में नैतिक सीमाएँ निर्धारित करनी चाहिए और किसी भी प्रकार के लालच या भ्रष्ट आचरण से दूर रहना चाहिए। ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही एक अच्छे कर्मचारी और श्रेष्ठ नागरिक की पहचान है।
आगामी होली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए राज्यपाल ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व आपसी मनमुटाव और भेदभाव भुलाकर मिल-जुलकर रहने तथा नई सकारात्मक शुरुआत की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि होली मिलन का वास्तविक उद्देश्य आपसी संबंधों को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, सचिव राज्यपाल रविनाथ राम, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित लोक भवन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


