दून मेडिकल कॉलेज और न्यूट्रिशन काउंसिल ऑफ इंडिया के बीच एमओयू, पोषण व सार्वजनिक स्वास्थ्य को मिलेगा नया आयाम

देहरादून 24 फरवरी। नेशनल कॉन्क्लेव ऑन न्यूट्रिशन एंड पब्लिक हेल्थ (NCICON-2026) के समापन अवसर पर Nutrition Council of India (एनसीआई) और दून मेडिकल कॉलेज के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह दो दिवसीय सम्मेलन 21–22 फरवरी 2026 को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से आए पोषण एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
एमओयू के अंतर्गत एनसीआई और दून मेडिकल कॉलेज संयुक्त रूप से पोषण से जुड़े शोध, शिक्षा, प्रशिक्षण तथा जन-सामान्य के लिए पोषण जागरूकता कार्यक्रम संचालित करेंगे। इसके माध्यम से आगामी वर्षों में व्याख्यान शृंखलाएं, सेमिनार और समुदाय-आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में ठोस योगदान मिलने की उम्मीद है।
सम्मेलन के दौरान ‘द फिजियोलॉजी ऑफ न्यूट्रिशन’ और ‘फंडामेंटल ऑफ क्रोनो न्यूट्रिशन’ जैसी नई पुस्तकों का भी विमोचन किया गया, जिन्हें पोषण विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री माना जा रहा है।
इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गीता जैन ने गर्भावस्था के दौरान पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि “यदि मां और बच्चा स्वस्थ होंगे, तो देश का भविष्य स्वतः उज्ज्वल होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि दून मेडिकल कॉलेज के छात्र अध्ययन के साथ-साथ समुदाय में पोषण जागरूकता फैलाकर बीमारियों की रोकथाम में अहम भूमिका निभाएंगे।
सम्मेलन में एनसीआई के पदाधिकारियों, विशेषज्ञ शोधकर्ताओं, चिकित्सकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की तथा वर्तमान पोषण चुनौतियों और उनके समाधान पर व्यापक मंथन किया।



