राज्यपाल से डीजीपी की शिष्टाचार भेंट
चारधाम यात्रा व कुंभ मेले की सुरक्षा तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा
लोक भवन,देहरादून 19 फरवरी,2026 ।
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से आज लोक भवन में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डीजीपी ने राज्यपाल को आगामी चारधाम यात्रा तथा प्रस्तावित कुंभ मेले को लेकर की जा रही सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक ने राज्यपाल को बताया कि चारधाम यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा अंतर-विभागीय समन्वय को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
राज्यपाल ने कहा कि कुंभ जैसे विश्वस्तरीय आयोजन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं अत्याधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए, जिससे भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और रियल-टाइम मॉनिटरिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में एक एडवांस्ड एवं एकीकृत कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए, जो विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन सर्विलांस तथा ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम से समन्वित हो।
राज्यपाल ने प्रदेशभर में चल रहे सघन सत्यापन अभियान को और अधिक फोकस्ड एवं परिणामोन्मुखी ढंग से निरंतर संचालित करने पर भी बल दिया। इसके साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों, पड़ाव स्थलों एवं मंदिर परिसरों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण से संबंधित सभी पूर्व तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
