मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासनगर में श्री खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में की सहभागिता
देहरादून/विकासनगर 18 फ़रवरी ।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विकासनगर, देहरादून में स्थित श्री खाटू श्याम धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम आस्था के आराध्य होने के साथ-साथ हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले “हारे के सहारे” हैं। जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से बाबा को पुकारता है, बाबा उसकी झोली कृपा से भर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम के भजन-कीर्तन, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और धार्मिक आयोजनों में उमड़ती श्रद्धालुओं की अपार भीड़ इस बात का जीवंत प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं। यह दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से वे राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेशवासियों की सेवा कर पा रहे हैं। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से उत्तराखंड की सेवा करते रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ समर्पण आवश्यक है। यदि किसी कार्य को समर्पित भाव से किया जाए तो सफलता निश्चित होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जीवन में जो कुछ भी घटित होता है, वह ईश्वर की कृपा से होता है।
मुख्यमंत्री ने स्मरण कराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, और राज्य सरकार उसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक श्री मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीरू देवी, श्री कुलदीप कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।