उत्तराखण्डविशेष समाचार

राज्यपाल से पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति की शिष्टाचार भेंट, अंतर-विश्वविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता की दी जानकारी

लोक भवन, देहरादून 18 फरवरी, 2026 ।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से बुधवार को लोक भवन में गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनमोहन सिंह चौहान ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर कुलपति ने राज्यपाल को 23 से 26 फरवरी, 2026 तक पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड राज्य अंतर-विश्वविद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल द्वारा पूर्व में आयोजित कुलपतियों की बैठक में राजकीय विश्वविद्यालयों में नियमित रूप से खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे, जिनके अनुपालन में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
कुलपति ने अवगत कराया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 राजकीय विश्वविद्यालयों के लगभग 1700 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स के साथ-साथ वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेल शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विश्वविद्यालय में मार्च माह में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की संभावना है, जिसे देखते हुए दीक्षांत समारोह की भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
राज्यपाल ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों से खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए बेहतर खेल अवसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related Articles

Back to top button