गुजरात दौरे पर सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गांधीनगर में राष्ट्रीय सम्मेलन में करेंगे उत्तराखंड का रोडमैप प्रस्तुत
देहरादून 16 फरवरी 2026 ।
सूबे के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 17 व 18 फरवरी को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गांधीनगर में आयोजित देशभर के राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों के उच्च स्तरीय सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। यह सम्मेलन अमित शाह की अध्यक्षता में महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।
सम्मेलन में डॉ. रावत ‘सहकार से समृद्धि’ के तहत उत्तराखंड सरकार की सहकारिता योजनाओं, नवाचारों और भविष्य के रोडमैप को प्रस्तुत करेंगे। साथ ही सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने, डेयरी एवं बहुउद्देश्यीय समितियों के विस्तार तथा सहकारी बैंकों की सुदृढ़ता को लेकर अपने सुझाव भी साझा करेंगे।
डॉ. रावत ने बताया कि 17 फरवरी को होने वाले इस महामंथन में देशभर में दो लाख नई बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, डेयरी व मत्स्य सहकारी समितियों के गठन, आधुनिक वेयरहाउस नेटवर्क, राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं में राज्यों की भागीदारी, प्राथमिक समितियों के कंप्यूटरीकरण, राष्ट्रीय सहकारी डाटाबेस के उपयोग और मानव संसाधन विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा दाल व मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने, सहकारी बैंकों की चुनौतियों के समाधान, साझा सेवा इकाइयों व अम्ब्रेला संरचनाओं की मजबूती तथा राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी।
गुजरात प्रवास के दौरान डॉ. रावत बनासकांठा जिला के सहकारिता संस्थानों का भी भ्रमण करेंगे। वे पालनपुर स्थित बनास डेयरी का दौरा कर डेयरी संचालन, विपणन प्रणाली और दुग्ध उत्पादों की प्रक्रिया का अवलोकन करेंगे तथा अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ ही चीज प्लांट, यूएचटी प्लांट, फूड पार्क, ऑयल मिल, आटा प्लांट, बायो-सीएनजी एवं बायो फर्टिलाइजर इकाइयों का निरीक्षण भी करेंगे।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि गुजरात के सफल सहकारिता मॉडल का अध्ययन कर उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, जिससे किसानों, दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को व्यापक लाभ मिल सके।