एनएसयूआई का उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय घेराव, बढ़ते अपराधों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
देहरादून,13 फरवरी 2026। राजधानी देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को दोपहर 1:30 बजे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया गया।

यह प्रदर्शन डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज देहरादून के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित किया। एनएसयूआई का कहना है कि राजधानी में हत्या, लूट, चोरी और नशा तस्करी जैसी आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं में भय का माहौल बन गया है। संगठन का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल नजर आ रही है।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता उत्तराखंड पुलिस से अपराधों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा राजधानी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस योजना लागू करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।
एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और न्याय के लिए है। संगठन का उद्देश्य उत्तराखंड को भयमुक्त, सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना है।
इस अवसर पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु रावत, प्रदेश सचिव मुकेश बसेड़ा, नितिन नेगी, डी.बी.एस. (पी.जी.) कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष हर्ष राणा, विधानसभा अध्यक्ष बकुल मखीजा, सौरभ सेमवाल, मयंक रावत, स्वयं रावत, दक्ष रावत, आर्यन भंडारी, हिमेश नेगी सहित कई एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहें।