उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

धामी सरकार के विकास फैसले: बद्रीनाथ–केदारनाथ हैलीपैड, नन्दा राजजात यात्रा और आश्रम विद्यालयों के लिए करोड़ों की सौगात

देहरादून 12 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक विकास को गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों हेतु करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन निर्णयों से चारधाम यात्रा, नन्दा राजजात यात्रा-2026 तथा आदिवासी एवं आश्रम पद्धति विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
बद्रीनाथ व केदारनाथ धाम में हैलीपैड विस्तार के लिए ₹2.13 करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ अंतर्गत विकासखण्ड ज्योर्तिमठ में श्री बद्रीनाथ धाम स्थित यूकाडा द्वारा संचालित स्थायी हैलीपैड के प्लेटफार्म विस्तार एवं एप्रोच रोड के सुधारीकरण कार्यों हेतु ₹1.74 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
वहीं, श्री केदारनाथ धाम में जीएमवीएन के समीप स्थित हैलीपैड के सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹39.40 लाख की धनराशि को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
नन्दा राजजात यात्रा-2026 के लिए पार्किंग व विश्राम गृह निर्माण हेतु ₹4.60 करोड़
नन्दा राजजात यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकासखण्डों में पार्किंग एवं विश्राम गृह निर्माण हेतु ₹4.60 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
इसके अंतर्गत थराली, देवाल, कर्णप्रयाग, नारायणबगड़ और नन्दानगर विकासखण्डों में स्थायी एवं अस्थायी सतह पार्किंग, विश्राम गृह और शौचालय निर्माण कार्य शामिल हैं। इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
ऊधम सिंह नगर के आश्रम विद्यालयों के मरम्मत कार्य हेतु ₹2.03 करोड़
मुख्यमंत्री ने जनपद ऊधम सिंह नगर के राजकीय आश्रम पद्धति उच्च माध्यमिक विद्यालय बिडौरा एवं राजकीय आश्रम पद्धति बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय खटीमा में मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों के लिए ₹2.03 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
इसमें बाउंड्री वाल निर्माण, छात्रावास, आवासीय भवन एवं शिक्षण भवनों की मरम्मत और रख-रखाव के कार्य शामिल हैं, जिससे छात्रों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
यमकेश्वर में सड़क का नाम स्वतंत्रता सेनानी महिताब सिंह के नाम पर
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखण्ड यमकेश्वर में स्थित नोडखाल–मालाकोट मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महिताब सिंह के नाम पर किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है। यह निर्णय स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनकी स्मृति को संजोने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button