दिल्ली घेराव कार्यक्रम से पहले कांग्रेस प्रदेश महासचिव नजरबंद

झिंझाना, शामली। दिल्ली में प्रस्तावित प्रधानमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल होने की आशंका के चलते कांग्रेस नेता एवं प्रदेश महासचिव अश्वनी शर्मा सींगरा को अहमदगढ़ पुलिस ने सोमवार देर रात उनके आवास पर नजरबंद कर दिया।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को दिल्ली में युवा कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन प्रस्तावित था, जिसमें जनपद शामली से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी थी। प्रशासन को सूचना मिली थी कि अश्वनी शर्मा सींगरा भी अपने समर्थकों के साथ दिल्ली रवाना हो सकते हैं। इसी के मद्देनजर सोमवार मध्यरात्रि पुलिस उनके आवास पहुंची और एहतियातन उन्हें घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी। कांग्रेस नेता अश्वनी शर्मा ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतंत्र का हनन बताया। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन वर्तमान सरकार में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध को भी प्रशासनिक दबाव के जरिए रोका जा रहा है।
रिर्पोट : झिंझाना से मौ० हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।