उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

वसंतोत्सव-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश, राज्यपाल से दून विश्वविद्यालय की कुलपति की शिष्टाचार भेंट

लोक भवन,देहरादून 10 फरवरी,2026 । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से मंगलवार को लोक भवन में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने आगामी 27 फरवरी से 01 मार्च, 2026 तक लोक भवन में आयोजित होने वाले वसंतोत्सव-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए दून विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
राज्यपाल ने वसंतोत्सव के लाइव स्ट्रीमिंग, सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के माध्यम से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि राज्य के साथ-साथ देश-विदेश तक इस आयोजन की जानकारी पहुंचे। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष भी दून विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग द्वारा वसंतोत्सव का सफल लाइव प्रसारण एवं संपूर्ण मीडिया कवरेज किया गया था, जिसे आगे भी प्रभावी ढंग से किया जाए।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के फूलों की अपनी विशिष्ट पहचान है और यह प्रदेश के लिए एक बड़ा प्राकृतिक वरदान है। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन और उससे जुड़े आयोजनों के माध्यम से आर्थिक विकास की नई संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग को निर्देश दिए कि वसंतोत्सव को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए शोध कर ठोस सुझाव प्रस्तुत करें।
इसके साथ ही राज्यपाल ने पूरे आयोजन का विस्तृत डॉक्यूमेंटेशन करने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बनाया जा सके।
इस अवसर पर दून विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र प्रसाद ममगाईं तथा मीडिया एवं मास कम्युनिकेशन विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button