उत्तराखण्डविशेष समाचार

पुलिस मुख्यालय देहरादून में आईजी एन.एस. नपलच्याल व डीएसपी नवीन चन्द्र सेमवाल को दी गई गरिमामय विदाई

देहरादून 31 जनवरी 2026।

अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर आज पुलिस मुख्यालय, देहरादून स्थित सभागार में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री एन.एस. नपलच्याल एवं पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) श्री नवीन चन्द्र सेमवाल के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) श्री ए.पी. अंशुमान सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों की गौरवशाली सेवा यात्रा, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता एवं अनुकरणीय कार्यशैली का उल्लेख करते हुए उनकी सेवाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्येक दायित्व को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं गरिमा के साथ निभाया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों अधिकारियों के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस को मिलता रहेगा। उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस परिवार की ओर से दोनों अधिकारियों के समर्पित सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं सक्रिय भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं।
श्री एन.एस. नपलच्याल एवं श्री नवीन चन्द्र सेमवाल ने भी समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभागीय सहयोग, समर्थन एवं टीम भावना के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।
समारोह के अंत में पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सेवा विवरण – श्री एन.एस. नपलच्याल
श्री एन.एस. नपलच्याल का चयन वर्ष 1995 में प्रांतीय पुलिस सेवा में हुआ। उन्होंने उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, देहरादून, नैनीताल, मेरठ तथा पीटीसी मुरादाबाद में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
भारतीय पुलिस सेवा में इंडक्शन के पश्चात वर्ष 2012-13 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मिशन, सूडान में सेवाएँ दीं। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, प्रशिक्षण तथा CCTNS सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
वर्ष 2019 में पुलिस उप महानिरीक्षक तथा वर्ष 2023 में पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नति के बाद उन्होंने फायर, प्रशिक्षण, सीआईडी एवं निदेशक यातायात जैसे अहम दायित्वों का नेतृत्व किया।
उन्हें वर्ष 2013 में संयुक्त राष्ट्र मेडल, वर्ष 2019 में राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक तथा वर्ष 2025 में राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
सेवा विवरण – श्री नवीन चन्द्र सेमवाल
श्री नवीन चन्द्र सेमवाल वर्ष 1985 में आरक्षी पद पर पुलिस विभाग में नियुक्त हुए। वे वर्ष 1998 में उप निरीक्षक, वर्ष 2016 में निरीक्षक तथा वर्ष 2024 में पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए।
उन्होंने नैनीताल, मेरठ, उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार एवं पुलिस मुख्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
भारत सरकार द्वारा उनकी सराहनीय सेवा के लिए उन्हें वर्ष 2025 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button