उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

विजय दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

देहरादून 15 दिसंबर । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों, भूतपूर्व सैनिकों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारत के सैन्य इतिहास में 16 दिसम्बर का दिन भारतीय सशस्त्र सेनाओं के साहस, शौर्य, समर्पण और बलिदान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन भारतीय सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम और अद्भुत शौर्य के सामने नतमस्तक होकर पाकिस्तानी सेना के हजारों सैनिकों को आत्मसमर्पण करना पड़ा था। यह दिवस भारतीय सेना की वीरता, रणनीतिक कौशल और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे वीर सैनिक सदैव तत्पर रहते हुए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को तैयार रहते हैं, जिस पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड केवल देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरभूमि भी है, जहां देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की गौरवशाली परंपरा रही है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में वीर सैनिकों द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने सैनिकों की वीरता पर गर्व है और पूरा देश उनकी बहादुरी को नमन करता है।

Related Articles

Back to top button