एक पेड़ मां के नाम अभियान को लेकर किया गया पौधारोपण, नगर पालिका चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी ने गांधी पार्क में रोपे पौधे, पालिका द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे पौधे
शामली। नगर पालिका परिषद शामली द्वारा वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत बुधवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ कर विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी ने कई पौधे रोपे तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का भी आहवान किया।
जानकारी के अनुसार बुधवार को नगर पालिका के चेयरमैन अरविन्द संगल व अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी द्वारा वृक्षारोपण अभियान के तहत शहर के गांधी पार्क में एक पेड़ मां के नाम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन अरविन्द संगल ने कहा कि वृक्षों का रोपण किया जाना न केवल मानव जाति के लिए अपितु पृथ्वी पर अन्य सभी जीवित प्राणियों के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए हम सभी को अपने जीवन में वृक्षारोपण अवश्य करना चाहिए और लोगों को इसके प्रति जागरूक भी करना चाहिए क्योंकि आज के पर्यावरण को देखते हुए वृक्षारोपण किया जाना व उनका संरक्षण किया जाना अति आवश्यक है। वृक्षों के बिना जीवन सम्भव है, वृक्ष ही मानव जीवन को ऑक्सीजन प्रदान कर, उन्हें जीवित रखते है। अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित वृक्षारोपण महाभियान 2.0 के तहत पालिका द्वारा विभिन्न स्थानों पर जगह का चयन कर पौधों का रोपण किया जा रहा है वहीं जनता को भी पौधारोपण के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान सागौन, कैंची, अमरूद, कनेर, अशोक, गुड़हल, शमी, बेलपत्र आदि के वृक्ष लगाये जा रहे है। शहर के मध्य स्थित पार्काे में भी हरे भरे व फूलदार पौधे लगाये जाएंगे जिससे शहर हराभरा व सुन्दर नजर आए। इस अवसर पर अवर अभियन्ता सिविल श्रीकांत सिंह राणा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार, लिपिक अनिल कुमार शर्मा, ब्रांड एम्बेसडर स्वच्छ भारत मिशन प्रदीप सिंघल व बीना अग्रवाल, समाजसेवी मुकेश गोयल, रामतीर्थ गोयल, सुनील कुमार आईटीसी सुनहरा कल, सन्नी मंगल, अतुल काम्बोज, जोनी कुमार आदि उपस्थित रहे।
रिर्पोट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।