उत्तराखण्डराज्य

मातृशक्ति का मुद्दा खेल की पिच नही, आदर और सम्मान का गंभीर विषय: चौहान

जेनी प्रकरण पर जवाब देने से परहेज, धामी सरकार पर आरोपों की बौछार; कांग्रेस का पाखंड उजागर

देहरादून 14 नवम्बर । भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के बयान पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान को खेल नही मानती, बल्कि उनकी भावनाओं का आदर कर उन्हे न्याय दिलाने के लिए सदैव तत्पर रही है। उन्होंने एक महिला के मुद्दे पर हरक की पिच पर खेलने जैसे बयान की कड़ी आलोचना की है।

चौहान ने कहा कि किसी भी महिला उत्पीड़न के विषय को राजनैतिक हास्य का विषय बनाना सर्वथा अनैतिक ही माना जायेगा। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अपनी पिच पर भाजपा के खेलने से खुद को बड़ा खिलाडी बताकर क्या साबित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आरोप पीड़ित महिला के हैं तो कानून अपना कार्य करेगा, लेकिन इसमें राजनीति बताकर भाजपा पर तोहमत लगाने का क्या औचित्य है।

चौहान ने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दों पर राजनीति के बजाय दुष्प्रचार की राजनीति मे लगी है और इससे उसके स्तर का साफ पता लगता है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री हरक सिंह को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक जीवन का हिसाब देना चाहिए। विवादों मे घिरे रहना और नैतिकता और महिला सम्मान के स्वयंभू पैरोकार बनकर घूमना एक साथ नही चल सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर इतना गिर चुका है कि उसके नेता अपने ऊपर उठे सवालों का जवाब देने के बजाय दूसरों पर कीचड़ उछालकर अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं।

चौहान ने कहा कि हल्द्वानी की घटना मे आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। हालांकि इससे पहले जितने भी मामले सामने आये उनमे आरोपी या तो सजा काट रहे है, अथवा जेल की सलाखों के भीतर हैं। प्रदेश मे जीरो टॉलरेंस के तहत कानून कार्य कर रहा है। कांग्रेस को अपने गिरेवान मे झांकने की जरूरत है। पहले गंभीर घटनाओं मे रिपोर्ट नही लिखी जाती थी और अब कार्यवाही होती है। कांग्रेस शासन मे महिला उत्पीड़न की लंबी फेहरिस्त है और दुष्प्रचार से उस पर पर्दा नही डाला जा सकता है।

Advt.

Related Articles

Back to top button