बालाघाट-सिवनी में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन का भव्य नागरिक अभिनंदन, युवाओं को दिया सेवा और राष्ट्रनिर्माण का संदेश
प्रतिभा सम्मान समारोह में बोले राज्यपाल- पद को सेवा का माध्यम बनाएं युवा, अहंकार का नहीं
देहरादून/बालाघाट-सिवनी 11 नवम्बर 
। मध्य प्रदेश के बालाघाट-सिवनी में बुधवार को आयोजित नागरिक अभिनंदन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन का आत्मीय स्वागत एवं भव्य अभिनंदन किया गया। राज्यपाल का दायित्व संभालने के बाद अपने गृहप्रदेश एवं पूर्व संसदीय क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचने पर उन्होंने क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी माटी, संस्कारों और समाज से जुड़ाव जीवन की सबसे बड़ी ताकत होती है।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि मनुष्य जीवन में कितनी भी ऊंचाइयां हासिल कर ले, उसकी जड़ें हमेशा अपनी माटी और संस्कारों से जुड़ी रहती हैं। इस क्षेत्र के लोगों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनकी जीवन यात्रा की सबसे बड़ी पूंजी रहा है। उन्होंने अपनी जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि चिकित्सा सेवा से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने के बाद विधायक, मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और लोकसभा सदस्य के रूप में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिला। आज उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में संवैधानिक जिम्मेदारी निभाना उनके लिए गौरव के साथ-साथ महत्वपूर्ण दायित्व भी है।
राज्यपाल ने कहा कि मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड दोनों ही प्रदेश सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रभक्ति की समृद्ध परंपरा के लिए जाने जाते हैं। मध्य प्रदेश की धरती से मिले संस्कारों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए उनका प्रयास शिक्षा, शोध, युवा सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना है।
युवाओं से बोले- पद को सेवा का माध्यम बनाएं
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की विभिन्न परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने सभी सफल युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता परिश्रम, अनुशासन और धैर्य का परिणाम है। अब उन्हें शासन और प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलेगा। युवाओं को अपने पद को सेवा का माध्यम बनाना चाहिए, अहंकार का नहीं तथा अपने कार्यों में समाज के अंतिम व्यक्ति की जरूरतों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, चरित्रबल और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल किसी पद को प्राप्त करने में नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और सामर्थ्य से समाज एवं राष्ट्र के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में है। इस दौरान उन्होंने बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर ई-लाइब्रेरी की सराहना
राज्यपाल ने ग्राम गर्रा के सरपंच वैभव बिसेन द्वारा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में स्थापित ई-लाइब्रेरी की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह ई-लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में अध्ययन की संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।
विकसित भारत-2047 में युवा, नारी और किसान शक्ति की अहम भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति, नारी शक्ति, किसान शक्ति और ज्ञान शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से ज्ञान-विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और नई तकनीक के क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र में मिले सम्मान पर भावुकता और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. बिसेन ने कहा कि वे इस अभिनंदन को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास, आशीर्वाद और आत्मीयता का प्रतीक मानते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत और संस्कारों पर गर्व करते हुए अपनी प्रतिभा को समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित करने का आह्वान किया।