आईआईआरएस कॉलोनी में बच्चों ने किया रावण दहन, छह घंटे में बनाया आठ फीट का पुतला
रामलीला के मंचन के बाद श्रीराम के जयकारों के बीच हुआ रावण दहन, बच्चों की मेहनत और रचनात्मकता ने जीता सभी का दिल
देहरादून 20 अक्टूबर
। कालिदास रोड स्थित आईआईआरएस कॉलोनी में दशहरे के अवसर पर बच्चों ने उत्साह और उल्लास के साथ रावण दहन किया। भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान कॉलोनी का माहौल भक्तिमय और उत्सवमय नजर आया। रावण दहन के बाद कॉलोनी के निवासियों ने एक-दूसरे को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
इस आयोजन का खास आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार किया गया आठ फीट ऊंचा रावण का पुतला रहा। अधिश्री शर्मा, अन्वी पांडे, अनीशा, निहारिका, भव्या, तान्या सिंह, अरंगम शर्मा और वेदांत सिंह ने मिलकर छह घंटे से भी कम समय में पुतले का निर्माण किया। बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मकता से इस आयोजन को यादगार बना दिया।
रावण दहन से पहले सोमवार को बच्चों ने रामलीला का मंचन भी किया था। रामलीला के माध्यम से उन्होंने भगवान श्रीराम की कथा और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश प्रस्तुत किया। बच्चों की इस पहल को कॉलोनी के निवासियों ने सराहा।
पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। रावण दहन के साथ ही कॉलोनी में दशहरे का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।