22 अक्टूबर से प्रदेशभर में निकलेगी कांग्रेस की ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’, चार दलों में बंटेंगे वरिष्ठ नेता
यशपाल आर्य, हरीश रावत, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत करेंगे नेतृत्व, 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारियों पर होगी बैठक
देहरादून 20 अक्टूबर ।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेशभर में आयोजित होने वाली ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ का शुभारंभ 22 अक्टूबर से प्रदेश के चारों कोनों से किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क कर जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाएगी। इसके लिए पार्टी ने चार अलग-अलग दलों का गठन किया है, जिनका नेतृत्व वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी करेंगे। प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने न्याय यात्रा का कार्यक्रम जारी करते हुए इसकी विस्तृत जानकारी दी।
अल्मोड़ा से हल्द्वानी तक पहले दल की यात्रा
पहले दल की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा स्थित गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी। इसका संयुक्त नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ करेंगे।
यह दल रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर में यात्रा आयोजित की जाएगी। 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर पहुंचा जाएगा। इस दल की यात्रा का समापन 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ होगा।