उत्तर प्रदेशधर्म-संस्कृति

श्रीराम जन्म और शंकर लीला के मंचन ने मोहा दर्शकों का मन

देहरादून से आए अघोरी कलाकारों की प्रस्तुति पर जमकर बजी तालियां, बड़ी संख्या में उमड़े दर्शक

जलालाबाद 07 अक्टूबर । कस्बे में  आयोजित आदर्श रामलीला के मंचन में बुधवार रात श्रीराम जन्म एवं भगवान शंकर की लीला का मनमोहक मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली अभिनय क्षमता और संवादों के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। श्रीराम जन्म के प्रसंग का मंच न होते ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला देखने के लिए जलालाबाद नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे। श्रीराम जन्म के प्रसंग को देखकर दर्शक भावविभोर नजर आए। मंचन के दौरान भगवान श्रीराम के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक जयकारे लगाए और कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।
रामलीला प्रबंध समिति द्वारा इस अवसर को और आकर्षक बनाने के लिए देहरादून से अघोरी कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शानदार नृत्य और धार्मिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अघोरी कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान रामलीला मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शकों ने कलाकारों का जमकर उत्साह बढ़ाया।
मंचन में भगवान शंकर की लीला का भी सुंदर प्रदर्शन हिमांशु जुनेजा द्वारा किया गया। कलाकारों ने भक्ति, आध्यात्मिकता और मनोरंजन का ऐसा समन्वय प्रस्तुत किया कि दर्शक देर रात तक रामलीला देखने के लिए डटे रहे। आयोजन के दौरान रामलीला समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए रामलीला प्रबंध समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा, बैठने, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय रहे। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए रामलीला परिसर में सीसी टीवी से विशेष निगरानी रखी गई।
रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी रामायण के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया जाएगा। उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से रामलीला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लेने की अपील की।

जलालाबाद में रामलीला मंचन मैं प्रतिभाग करते कलाकार

व्यास पीठ पर किशोरी शरण जी महाराज. अवनीश आहूजा. संजीव.जनेश्वर सैनी. राजेश सैनी राजकुमार सुनहरा सिंह देवेंद्र शर्मा देवराज जुनेजा सोनू. अंशुल. सुभाष शर्मा. आदि का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button