उत्तराखण्डशिक्षा

सेवा संकल्प अभियान में मंत्री गणेश जोशी ने विद्यार्थियों को दिलाया सेवा और समर्पण का संकल्प

कृषि को विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता से जोड़कर युवाओं को आगे बढ़ने का किया आह्वान

देहरादून, 26 सितंबर। राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में शनिवार को आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा केवल एक शब्द नहीं, बल्कि संकल्प, जिम्मेदारी और समाज के प्रति समर्पण का भाव है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए गरीबों के जीवन में सुधार, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उत्तराखंड के किसानों को भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मूल रूप से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा प्रदेश है। सरकार का प्रयास है कि किसान केवल उत्पादन तक सीमित न रहे, बल्कि उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार तक की पूरी श्रृंखला से जुड़े। पर्वतीय क्षेत्रों में फल, सब्जी, मसाले, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की अपार संभावनाओं को रोजगार और आय के अवसरों में परिवर्तित करना सरकार की प्राथमिकता है।
विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि किसान और विद्यार्थी दोनों देश की प्रगति के आधार हैं। आज कृषि के क्षेत्र में डिजिटल तकनीक, ड्रोन, मृदा परीक्षण और वैज्ञानिक खेती का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को कृषि को केवल परंपरागत कार्य के रूप में नहीं, बल्कि विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र के रूप में देखना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, जन-धन योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इन जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना भी सेवा का ही एक रूप है।
सैनिक कल्याण पर विशेष जोर देते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और प्रदेश के हजारों परिवारों का संबंध सेना से है। सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण सरकार की विशेष जिम्मेदारी है। इसके लिए जिला स्तर पर सैनिक कल्याण कार्यालयों के माध्यम से विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने देश की सेवा में समर्पित सभी सैनिकों और वीर नारियों को नमन किया।
मंत्री जोशी ने कहा कि विद्यार्थी ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माता हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा टिन शेड निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य धूम सिंह नेगी, विशाल पंचोली, विमल नौटियाल, बृजेश नेगी, चंद्रकला थपलियाल, अर्चना उपाध्याय, प्रियंका डोभाल, ममता नौटियाल, नेहा रावत, महानगर मंत्री समीर डोभाल, मंडल उपाध्यक्ष संजय नौटियाल, अभिभावकगण, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button