उत्तराखण्डबिज़नेस

पंजाब नैशनल बैंक ने ओरिएंटल इंश्योरेंस के कर्मचारियों को वेतन पैकेज लाभ प्रदान करने हेतु ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर

देहरादून -25 अगस्त 2026: देश के सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक पंजाब नैशनल बैंक ने ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (ओआईसीएल) के साथ वेतन पैकेज लाभ के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। पीएनबी द्वारा ओआईसीएल के सभी सेवारत कर्मचारियों को विस्तारित बीमा कवरेज, बैंकिंग सुविधाएँ, रिटेल ऋणों पर रियायती दरें तथा अन्य लाभों सहित सेवाओं की विस्तृत शृंखला उपलब्ध कराई जा रही है।

ओआईसीएल की ओर से श्री संजय जोशी (सीएमडी), सुश्री के. सावित्री (महाप्रबंधक), सुश्री अरुणा आनंद (महाप्रबंधक), श्री जसविंदर सिंह (महाप्रबंधक), श्री राजीव कुमार अग्रवाल (महाप्रबंधक) तथा श्री रोहित सिंघल (एक्चुअरी) तथा पंजाब नैशनल बैंक की ओर से श्री अशोक चंद्र (प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी), श्री राजेश भौमिक (मुख्य महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, दिल्ली), श्री संजीव भारद्वाज, महाप्रबंधक (बीए एवं आरएम), श्री दीपक कुमार, महाप्रबंधक (जनसम्पर्क एवं क्रेडिट कार्ड) तथा श्री आलोक जैन (मंडल प्रमुख, दक्षिण दिल्ली) की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया।
समझौता ज्ञापन पर ओआईसीएल की ओर से श्री छोटू राम, महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं एस्टेट) तथा पंजाब नैशनल बैंक की ओर से श्री सुधीर दलाल, मुख्य महाप्रबंधक (बीए एवं आरएम) ने हस्ताक्षर किए।
इस प्रस्ताव के अंतर्गत ओआईसीएल के कर्मचारियों और उनके परिवारों को व्यापक बीमा सुरक्षा और  अनेक सुविधाओं के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा एवं विवाह से संबंधित विशेष बीमा कवर शामिल हैं। इसके प्रमुख लाभों में लॉकर के किराए में छूट, वेतन से संबद्ध ओवरड्राफ्ट सुविधा, शून्य शेषराशि वाले पारिवारिक खाते, आवश्यक बैंकिंग सेवाओं पर अतिरिक्त लाभ तथा गृह, शिक्षा और वाहन ऋणों के प्रसंस्करण एवं दस्तावेजीकरण शुल्क पर रियायत प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, कर्मचारी हॉस्पिकैश लाभ, पारिवारिक बैंकिंग सुविधाएँ तथा निःशुल्क क्रेडिट कार्ड सहित कई मूल्यवर्धित लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर श्री अशोक चंद्र, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, पंजाब नैशनल बैंक ने कहा, कि इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर दोनों अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के वित्तीय संगठनों के बीच संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह साझेदारी ओआईसीएल के कर्मचारियों को बेहतर मूल्य और बैंकिंग सेवाओं की व्यापक शृंखला उपलब्ध कराने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह समझौता ज्ञापन पारंपरिक वेतन खाता संबंधों से आगे बढ़कर व्यापक बैंकिंग सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा तथा कर्मचारियों और उनके परिवारों को विभिन्न अनुकूलित वित्तीय समाधान एवं मूल्यवर्धित सेवाओं तक पहुँच प्रदान करने में सहायक होगा।

श्री संजय जोशी, सीएमडी ओआईसीएल ने साझेदारी के महत्व ज़ोर देते हुए कहा, “यह दो विश्वसनीय सार्वजनिक संस्थानों का ऐसा संगम है, जो लोगों को अधिक सुविधा, सुरक्षा और बेहतर सेवा प्रदान करने की साझा प्रतिबद्धता से जुड़े हैं। पंजाब नैशनल बैंक और ओरिएंटल इंश्योरेंस दोनों की गौरवशाली विरासत रही है और उन्होंने भारत के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं पंजाब नैशनल बैंक और ओरिएंटल इंश्योरेंस के बीच इस साझेदारी की दीर्घकालिक, सफल और मूल्यवान यात्रा की कामना करता हूँ।”

Related Articles

Back to top button