भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा को लेकर प्रेस वार्ता, 31 अगस्त को होगी परीक्षा
रुड़की,25 अगस्त। भारत विकास परिषद की ओर से आगामी 31 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा को लेकर उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की प्रेस वार्ता होटल मकाउ, सेंटर प्वाइंट रुड़की में आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में परिषद पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों, तैयारियों और सहभागिता को लेकर जानकारी दी।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल ने बताया कि भारत को जानो पुस्तक के माध्यम से विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भारतीय संस्कृति, सभ्यता, संस्कार और देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जाता है। परिषद विद्यार्थियों को प्राचीन मंदिरों एवं मठों की आध्यात्मिक और वैज्ञानिक विशेषताओं के साथ ही देश के महापुरुषों के जीवन से भी परिचित कराती है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली परंपरा से जोड़ते हुए यह बताया जाता है कि भारत कभी विश्व गुरु रहा है और इसे सोने की चिड़िया कहा जाता था। यह ऋषि-मुनियों की धरती है, जहां से ज्ञान की धारा प्रवाहित हुई। परिषद का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और धरोहर पर गर्व की भावना विकसित करना है।
प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय गर्ग ने बताया कि भारत को जानो पुस्तक में भारतीय संस्कृति, इतिहास, महापुरुषों, परंपराओं और गौरवशाली विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों को समाहित किया गया है। इस वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन 31 अगस्त को देशभर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी। जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। शाखा स्तर पर लिखित परीक्षा के बाद प्रत्येक विद्यालय से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो-दो विद्यार्थी शाखा स्तर पर आयोजित मौखिक प्रश्न मंच में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद चयनित विद्यार्थी प्रांत, क्षेत्र और राष्ट्रीय स्तर की मौखिक प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
प्रश्नपत्र परिषद की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा तथा परीक्षा में उत्तर पुस्तिका के स्थान पर ओएमआर शीट का प्रयोग किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को भविष्य में आयोजित होने वाली अन्य प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं के लिए भी अभ्यास का लाभ मिलेगा।
प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल ने बताया कि गत वर्ष उत्तराखंड पश्चिम प्रांत में करीब 22 हजार छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 30 हजार से अधिक होने की संभावना है।
प्रेस वार्ता में प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल, प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय गर्ग, प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल, प्रांतीय संगठन सचिव निखिल वर्मा, प्रांतीय संयोजक महिला सहभागिता एडवोकेट प्रीति अग्रवाल, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र गुप्ता, योगेश सिंघल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।