उत्तराखण्डविशेष समाचार

पत्रकारों और डिजिटल मीडिया संस्थानों के हितों को लेकर सरकार गंभीर : बंशीधर तिवारी

देहरादून 25 अगस्त । सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के हितों को लेकर राज्य सरकार और सूचना विभाग पूरी तरह गंभीर हैं। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है और पत्रकारों के हितों की अनदेखी किसी भी स्तर पर नहीं होने दी जाएगी।
मंगलवार को पत्रकारों एवं डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों की विज्ञापन दरों में संशोधन की मांग रखी।
सूचना महानिदेशक ने कहा कि डिजिटल मीडिया वर्तमान समय में समाचार एवं जनहितकारी सूचनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में डिजिटल मीडिया से जुड़े संस्थानों की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से समझना आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों की विज्ञापन दरों में संशोधन से संबंधित यूनियन की मांग का विभागीय स्तर पर नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर सरकार का दृष्टिकोण सकारात्मक है और आवश्यकता के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। पत्रकारों के हितों का किसी भी स्तर पर अहित नहीं होने दिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सूचना विभाग पत्रकारों और डिजिटल मीडिया संस्थानों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन दरों के पुनर्निर्धारण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा। यूनियन ने कहा कि पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और विभाग के साथ संवाद आगे भी जारी रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button