उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

संत रविदास जयंती पर भव्य कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित, सामाजिक समरसता और भाईचारे का दिया संदेश

रुड़की 23 अगस्त । संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में झबरेड़ा क्षेत्र के रुड़की स्थित देव फार्म हाउस में रविवार को भव्य “कलश वंदन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता, संगठनात्मक एकता तथा समाज के सभी वर्गों की व्यापक जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संत रविदास जी महाराज के जयघोष और भक्तिभाव के बीच भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली गई।
मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं कलश वंदन किया गया। इस दौरान संत रविदास जी महाराज के भजनों की प्रस्तुति दी गई तथा उनके चरणों में श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों एवं विचारों का स्मरण किया गया। कलश वंदन यात्रा के दौरान विभिन्न मंडलों को कलश भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने संत रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन एवं सामाजिक चिंतन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। संत रविदास जी का जीवन सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।
राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने कहा कि गुरु रविदास जी को केवल उनकी जयंती पर स्मरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के आधार पर भेदभाव समाप्त करना, जरूरतमंदों की सहायता करना, श्रम का सम्मान करना तथा समाज में भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना ही संत रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के माध्यम से संत रविदास जी महाराज के समता, सामाजिक न्याय, भाईचारे एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में आपसी एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, प्रदेश अनुसूचित मोर्चा महामंत्री विनोद कुमार लक्खा, रुड़की भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, अनुसूचित मोर्चा रुड़की के जिलाध्यक्ष नीटू सिंह मंडावर, भाजपा अनुसूचित मोर्चा मीडिया संयोजक रणजीत सिंह जाखी, दयाराम, आनंद कुमार, जीतेन्द्र कुमार, वेजयंती माला, नरेंद्र कुमार, शुभम एवं डॉ. हर्ष कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button