उत्तराखण्डधर्म-कर्म

श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में 20 कुंतल बर्फ से सजेगा बाबा अमरनाथ बर्फानी का भव्य दरबार

देहरादून,20 अगस्त 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर युवा सेवा दल की ओर से 21 अगस्त को भव्य श्रृंगार एवं विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर के गर्भगृह में करीब 20 कुंतल बर्फ से बाबा अमरनाथ बर्फानी का भव्य स्वरूप तैयार किया जाएगा, जिसके दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मंदिर के दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि युवा सेवा दल द्वारा आयोजित इस विशेष श्रृंगार में बर्फ से बाबा अमरनाथ बर्फानी का मनोहारी स्वरूप तैयार किया जा रहा है। शुक्रवार को शाम करीब 7:30 बजे श्रृंगार आरती के दौरान श्रद्धालु बाबा के भव्य बर्फानी स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस दौरान मंदिर परिसर में कबूतरों का जोड़ा भी भक्तों की आस्था और आकर्षण का केंद्र रहेगा। विशेष आरती में प्रख्यात डमरू वंदना की प्रस्तुति भी होगी, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठेगा।
श्रद्धालुओं के लिए इस अवसर पर मीठे चावलों के प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। युवा सेवा दल ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा अमरनाथ बर्फानी एवं श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी के भव्य श्रृंगार के दर्शन करने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी जी के साथ युवा सेवा दल के कान्हा मित्तल, दिव्य गोयल, अर्णव, कार्तिक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button