उत्तराखण्डआपदा

विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टेल रेस टनल में तलाश एवं बचाव अभियान पूर्ण, सभी लापता श्रमिकों के शव बरामद

ऋषिकेश,18 अगस्त 2026। विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (VPHEP) के टेल रेस टनल (TRT) में 13 अगस्त को हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश एवं बचाव के लिए चलाया जा रहा अभियान मंगलवार को पूर्ण हो गया। अभियान के दौरान शेष दो लापता श्रमिकों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। इससे पहले 15 अगस्त को एक अन्य लापता श्रमिक का शव बरामद किया गया था।
घटना के समय टेल रेस टनल में मुख्य कार्यदायी संस्था HCC द्वारा तैनात कुल 22 श्रमिक मौजूद थे। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। दुर्घटना में सात श्रमिकों की मृत्यु हुई थी, जबकि तीन श्रमिक लापता थे। 15 अगस्त को एक लापता श्रमिक का शव मिलने के बाद मंगलवार को शेष दोनों श्रमिकों के शव भी बरामद कर लिए गए।
THDC इंडिया लिमिटेड ने जताया गहरा शोक
THDC इंडिया लिमिटेड (THDCIL) ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना एवं शोक व्यक्त किया है। निगम ने कहा कि इस कठिन समय में वह प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। घायल श्रमिकों के समुचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता भी सुनिश्चित की जा रही है।
NDRF, SDRF सहित कई एजेंसियों ने चलाया संयुक्त अभियान
दुर्घटना के बाद तत्काल राहत एवं बचाव अभियान में NDRF, SDRF, CISF, जिला प्रशासन, THDCIL और HCC की संयुक्त टीमों ने दिन-रात लगातार अभियान चलाया। टनल से पानी निकालने, मलबा हटाने और खोज एवं बचाव दलों की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों का लगातार इस्तेमाल किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने की अभियान की निगरानी
THDCIL के प्रबंध निदेशक सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान की प्रत्यक्ष निगरानी की। अधिकारियों ने अभियान में शामिल सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए बचाव कार्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया।
अभियान पूर्ण होने के बाद THDCIL ने NDRF, SDRF, CISF, जिला प्रशासन, HCC सहित सभी राहत एवं बचाव दलों तथा इस कठिन अभियान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button