उत्तराखण्डराज्य

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 19-20 अगस्त को उत्तराखंड दौरे पर

देहरादून,18 अगस्त 2026। उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन 19 और 20 अगस्त को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे देहरादून और मसूरी में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करेंगे।
उपराष्ट्रपति 19 अगस्त को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) का दौरा करेंगे। यहां वे भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करेंगे और उनके साथ बातचीत भी करेंगे। इस दौरान वे प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ प्रशासन, पर्यावरण संरक्षण और वन प्रबंधन से जुड़े विषयों पर विचार साझा करेंगे।
इसके बाद 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी पहुंचेंगे। यहां वे 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति अपने अकादमी दौरे के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।
दो दिवसीय दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति का प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के साथ संवाद प्रशासनिक दक्षता, राष्ट्रसेवा और जनहित के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button