होमगार्ड मैदान स्थानीय युवाओं के लिए खोलने की मांग, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीजी को सौंपा ज्ञापन
देहरादून,
13 अगस्त 2026। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के नानूरखेड़ा स्थित होमगार्ड्स ग्राउंड को स्थानीय निवासियों एवं आम जनता के लिए पुनः उपलब्ध कराने तथा स्थानीय युवाओं को निर्धारित प्रातःकालीन समय में फुटबॉल खेलने की अनुमति देने की मांग तेज हो गई है। इस मांग को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं पीसीसी सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक पी.वी.के. प्रसाद, आईपीएस से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने महानिदेशक को बताया कि क्षेत्र के स्थानीय युवा लंबे समय से निर्धारित प्रातःकालीन समय में होमगार्ड मैदान में अनुशासन एवं शांतिपूर्वक तरीके से फुटबॉल खेलते रहे हैं। खेल गतिविधियों से युवाओं को शारीरिक व्यायाम के साथ अनुशासन और सकारात्मक दिशा मिलती है। ऐसे में मैदान में खेलने से रोके जाने से स्थानीय युवाओं में असुविधा और नाराजगी है।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से ग्रामवासियों एवं अशोक कुमार, आईपीएस के बीच पूर्व में हुए समझौते/सहमति पत्र की प्रति भी अधिकारियों को सौंपी गई। इसमें स्थानीय लोगों के हितों तथा मैदान के उपयोग से संबंधित सहमति का उल्लेख है।
विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि खेल मैदान युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी भी सरकारी कार्य में बाधा डालना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को सुरक्षित वातावरण में निर्धारित समय के दौरान खेल गतिविधियों का अवसर दिलाना है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि मैदान में अनुशासन एवं स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा होमगार्ड विभाग की सरकारी ड्यूटी अथवा आधिकारिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में देहरादून युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा, आदित्या रौथान, अभिनव बिष्ट, मुकेश बसेड़ा, मंथन भाटिया, आदर्श रौठन, अभिषेक बिष्ट सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण एवं स्थानीय युवा मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्थानीय युवाओं की मांग स्पष्ट है—खेल के मैदान युवाओं से दूर नहीं, बल्कि युवाओं के स्वस्थ भविष्य के लिए उपलब्ध होने चाहिए।