सावन के द्वितीय सोमवार को श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
भारी बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक, कांवड़ियों ने भी चढ़ाया गंगाजल; खीर का प्रसाद हुआ वितरित
देहरादून, 10 अगस्त। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में सावन मास के द्वितीय सोमवार को श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर देहरादून में सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। भारी वर्षा के बावजूद भोर से ही मंदिर में सेवादारों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि प्रातःकाल हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल के साथ दूध, दही, घी, शक्कर, पंचामृत, बेलपत्र आदि पूजन सामग्री से श्री रुद्री पाठ के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का सामूहिक रुद्राभिषेक किया गया। इस अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की सुरक्षा, कांवड़ यात्रा के सुख-शांति से संपन्न होने तथा शहीदों की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
कांवड़ियों ने भी किया भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक

सेवादल ने बताया कि रविवार रात्रि से ही कांवड़ियों का मंदिर पहुंचना प्रारंभ हो गया था। सोमवार प्रातः कांवड़ियों ने बम-बम भोले के जयघोष के साथ श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का गंगाजल से जलाभिषेक किया। मंदिर सेवादल की ओर से कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए जलपान आदि की व्यवस्था भी की गई।
रुद्राभिषेक के बाद वितरित हुआ खीर का प्रसाद
सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न होने के पश्चात श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री गुरु राम राय दरबार के प्रतिनिधियों ने किया जलाभिषेक
गत वर्षों की धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए श्री गुरु राम राय महाराज जी के प्रतिनिधि के रूप में दरबार से पहुंचे प्रतिनिधियों ने भी श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का जलाभिषेक किया और विश्व शांति की कामना की।
शाम को हुआ भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार
सायंकाल श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात सामूहिक आरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में महामृत्युंजय मंत्र जाप, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, नवीन गुप्ता, शिवम, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, दिलीप सैनी, दीपक मित्तल, शैलेंद्र सिंघल, कांहा मित्तल, मेघा गर्ग, संगीता गुप्ता, सुशील गुप्ता, कार्तिक गर्ग, नमन गर्ग, गाना मित्तल, अर्णव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सेवादार मौजूद रहे।