उत्तराखण्डराजनीति

मिशन 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड का प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू

देहरादून 10 अगस्त 2026 । आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड ने पूरे प्रदेश में कल दिनांक 11 अगस्त 2026 को व्यापक सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा, ब्लॉक, न्याय पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना तथा अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ना है।
पार्टी का मानना है कि उत्तराखण्ड की जनता वर्षों से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और बदहाल बुनियादी सुविधाओं जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है। प्रदेश के विकास के नाम पर केवल वादे किए गए, जबकि आम जनता की अपेक्षाओं पर लगातार कुठाराघात हुआ है। ऐसे समय में एक मजबूत और जनहितैषी राजनीतिक विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी प्रदेशवासियों के बीच अपनी पहुंच को और सशक्त बनाने के लिए सदस्यता अभियान चला रही है।
*प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया* ने सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि मिशन 2027 केवल चुनाव जीतने का अभियान नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड में ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह राजनीति स्थापित करने का संकल्प है। पार्टी का लक्ष्य है कि प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन को सक्रिय किया जाए तथा स्थानीय समस्याओं को जनआंदोलन के माध्यम से उठाया जाए।
सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें आम आदमी पार्टी की नीतियों एवं जनहित के कार्यों की जानकारी देंगे। अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सदस्यता शिविर, जनसंवाद कार्यक्रम, पदयात्राएं तथा सामाजिक संगठनों एवं युवाओं के साथ संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।
*प्रदेश अध्यक्षा* ने कहा कि आज उत्तराखण्ड को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है जो सत्ता नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बने। आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के सम्मान, युवाओं के भविष्य और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रदेश के विकास के लिए जनभागीदारी को मजबूत करेगी।
पार्टी ने प्रदेश के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, किसानों, पूर्व सैनिकों, व्यापारियों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग से अपील की है कि वे इस सदस्यता अभियान से जुड़कर उत्तराखण्ड में सकारात्मक राजनीतिक परिवर्तन के सहभागी बनें।
आम आदमी पार्टी ने अपने सभी जिला एवं विधानसभा पदाधिकारियों को सदस्यता अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक जिले में अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा संगठन के विस्तार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
*उन्होंने कहा* पार्टी का विश्वास है कि जनता के सहयोग, कार्यकर्ताओं की मेहनत और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के बल पर मिशन 2027 सफल होगा तथा उत्तराखण्ड में एक नई, स्वच्छ और जनहितैषी राजनीति की मजबूत नींव रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button