नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज़ में उत्तराखंड के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, ग्राफिक एरा और क्वांटम स्कूल ने जीते शीर्ष पुरस्कार
देहरादून, 06
अगस्त। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के सहयोग से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (एनआईएसएम) द्वारा नई दिल्ली के स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज़ (एनएफएलक्यू)-2026 के उत्तर क्षेत्रीय दौर में उत्तराखंड के अंडरग्रेजुएट विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के बीएफएसआई विभाग ने पहला, क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज़ के कॉमर्स एवं फाइनेंस विभाग ने दूसरा तथा मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
देशभर में आयोजित इस वित्तीय साक्षरता अभियान में चार लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया। कॉलेज स्तर और ऑनलाइन क्वालिफाइंग राउंड के बाद चयनित टीमों ने उत्तर, पश्चिम, दक्षिण, पूर्व, मध्य और पूर्वोत्तर क्षेत्रीय दौर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नई दिल्ली में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ सहित कई राज्यों के अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट छात्र शामिल हुए।
एनआईएसएम के निदेशक सशी कृष्णन ने कहा कि वित्तीय साक्षरता का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार और आत्मविश्वासपूर्ण वित्तीय निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि एनएफएलक्यू जैसे मंच छात्रों में निवेश, वित्तीय बाजार और निवेशक सुरक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं।
सेबी के मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय निदेशक विजयंत कुमार वर्मा ने कहा कि भारत के पूंजी बाजार के सतत विकास के लिए युवाओं का वित्तीय रूप से जागरूक होना आवश्यक है। एनएफएलक्यू छात्रों को निवेशकों के अधिकार, बाजार के नियम और जोखिमों की समझ विकसित कर जिम्मेदार निवेशक बनने की दिशा में प्रेरित करता है।
प्रतियोगिता के अंडरग्रेजुएट वर्ग में प्रथम पुरस्कार 40 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपये प्रदान किए गए। पोस्टग्रेजुएट वर्ग में लाल बहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ने पहला, भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर ने दूसरा तथा मित्तल स्कूल ऑफ बिजनेस ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के बाद उत्तर क्षेत्र से 12-12 अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट संस्थानों का चयन राष्ट्रीय चरण के लिए किया गया। इनमें उत्तराखंड के ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, क्वांटम स्कूल ऑफ ग्रेजुएट स्टडीज़, पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (हल्द्वानी), उत्तरांचल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, आईआईएम काशीपुर और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
एनएफएलक्यू-2026 जुलाई से सितंबर तक देश के विभिन्न शहरों में आयोजित किया जा रहा है। सभी क्षेत्रीय दौर के विजेता नवंबर 2026 में महाराष्ट्र के रसायनी स्थित एनआईएसएम परिसर में होने वाले ग्रैंड फिनाले में राष्ट्रीय खिताब के लिए मुकाबला करेंगे।
