देहरादून कैंट में SIR से 51,200 मतदाता प्रभावित, निष्पक्ष सत्यापन की मांग को लेकर AAP ने अधिकारियों से की मुलाकात

देहरादून,6 अगस्त। आम आदमी पार्टी (उत्तराखंड) के प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर नोडल ईआरओ हेमलता गौर और रमेश दत्त पाठक से मुलाकात कर बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाताओं पर चिंता जताई।
शरद जैन ने बताया कि प्री-एसआईआर और 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर 21-देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के 51,200 मतदाता प्रभावित हुए हैं। इनमें 41,011 मतदाताओं को ‘अनुपस्थित (Absent)’ और ‘स्थायी रूप से स्थानांतरित (Shifted Permanent)’ की श्रेणी में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए व्यापक और निष्पक्ष सत्यापन आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मांग की कि प्रभावित मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन कराया जाए और पर्याप्त जांच के बिना किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाया जाए। साथ ही महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, नए मतदाताओं और अन्य कमजोर वर्गों के मताधिकार की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि आयोग द्वारा मांगे जा रहे 11 पात्रता दस्तावेज सभी मतदाताओं के पास उपलब्ध नहीं हैं। पार्टी का कहना है कि अशिक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए इन दस्तावेजों की व्यवस्था करना कठिन है। साथ ही वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम होने का प्रमाण जुटाने का दायित्व मतदाताओं पर डालना भी उचित नहीं है। पार्टी ने मांग की कि यदि किसी नागरिक ने 2003 से 2022 तक लगातार मतदान किया है, तो उसके रिकॉर्ड का सत्यापन आयोग स्वयं करे।
पार्टी ने यह भी सुझाव दिया कि वर्तमान 11 दस्तावेजों के अतिरिक्त पैन कार्ड, राशन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस को भी पहचान एवं निवास प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाए, ताकि वास्तविक मतदाताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रभावित श्रेणी के सभी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। अधिकारियों ने बताया कि 15 सितंबर 2026 तक सत्यापन प्रक्रिया काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी SIR प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखेगी और यदि किसी पात्र मतदाता के अधिकारों का हनन होता है तो उसके पक्ष में हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन, मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना तथा देहरादून कैंट विधानसभा अध्यक्ष वीर सिंह शामिल रहे।