उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

पीएम मोदी ने युवाओं को ‘गुमराह बच्चे’ बताकर माफ किया, यह अभिभावक रूपी कदम: डॉ. नरेश बंसल

देहरादून 01 अगस्त । भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने जंतर-मंतर पर हालिया छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के प्रति कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री द्वारा ‘गुमराह बच्चे’ बताते हुए माफ करने के निर्णय की सराहना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री के इस कदम को अभिभावक रूपी सोच और विशाल हृदय का परिचायक बताया।
डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं के साथ एक अभिभावक के रूप में जुड़े हुए हैं। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार छात्र एवं युवा हितों को ध्यान में रखते हुए नई नीतियां और योजनाएं लागू कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए सही कहा है कि बचपन में गलतियां होती हैं और उन्हीं गलतियों से सीखकर आगे बढ़ने का अवसर भी मिलता है। डॉ. बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री का युवाओं को अपनी गलतियों से सीखने, कुछ नया करने और अपने सपनों को लेकर आगे बढ़ने का संदेश देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
डॉ. बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुए अपमानजनक व्यवहार को लेकर देश के एक बड़े वर्ग में नाराजगी है, लेकिन प्रधानमंत्री ने जिस उदारता और संयम का परिचय देते हुए क्षमा का मार्ग चुना है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े संवैधानिक पद पर होने और गंभीर अपमान के बावजूद कानूनी कार्रवाई के बजाय क्षमा एवं मार्गदर्शन का रास्ता अपनाना प्रधानमंत्री के विशाल हृदय, परिपक्व नेतृत्व और दूरदर्शिता को दर्शाता है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपने भविष्य तथा देश के विकास पर ध्यान केंद्रित करें। डॉ. बंसल ने विपक्ष पर छात्र आंदोलन का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच युवाओं को आगे बढ़ाने और देश को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने की है। डॉ. बंसल ने प्रधानमंत्री द्वारा क्षमा का मार्ग अपनाने को देश के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायी संदेश बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button