उत्तराखण्डविशेष समाचारहेल्थ

कारगिल विजय दिवस पर प्रथम महिला गुरमीत कौर ने किया ‘धारित्री’ महिला स्वास्थ्य शिविर का समापन, कहा— स्वस्थ महिला ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला

देहरादून, 26 जुलाई। उत्तराखण्ड की प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून में आयोजित तीन दिवसीय बहु-विशेषज्ञ महिला स्वास्थ्य शिविर ‘धारित्री’ के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में पहुंची महिलाओं से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, विभिन्न जांचों और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रथम महिला ने महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के सशक्त भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, विश्वास और आत्म-सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम भी बना।
श्रीमती गुरमीत कौर ने कहा कि जब एक महिला स्वस्थ रहती है तो पूरा परिवार सशक्त बनता है और सशक्त परिवार ही मजबूत समाज तथा विकसित राष्ट्र की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, जबकि अपने स्वास्थ्य की देखभाल करना परिवार और समाज के प्रति उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच और रोगों की रोकथाम, उपचार से कहीं अधिक प्रभावी होती है। यह जानकर प्रसन्नता हुई कि तीन दिवसीय इस शिविर में लगभग दो हजार महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के स्वस्थ भविष्य और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में प्रथम महिला ने इस पुनीत अभियान से जुड़े सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर आधारित अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button