उत्तराखण्डचार धाम यातामौसम

चारधाम यात्रा स्थगित नहीं होगी, भारी बारिश में यात्रियों को होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा

देहरादून 25 सितम्बर। आगामी 26 एवं 27 सितंबर को मौसम विभाग द्वारा गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में ऑरेंज एवं रेड अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं। वर्तमान में चारधाम यात्रा द्वितीय चरण में गतिमान है। मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों से विचार-विमर्श कर स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारियों से प्राप्त फीडबैक एवं स्थानीय परिस्थितियों के आकलन के बाद निर्णय लिया गया है कि चारधाम यात्रा को फिलहाल स्थगित नहीं किया जाएगा। हालांकि भारी वर्षा अथवा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिस्थितियों के अनुसार उन्हें निकटतम होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। मौसम में सुधार एवं यात्रा मार्ग सुरक्षित होने के बाद यात्रियों को आगे भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
आयुक्त गढ़वाल मंडल ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस एवं अन्य विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने के साथ ही आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने चारधाम यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें। भारी वर्षा अथवा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिए जाने वाले निर्णयों में सहयोग करें। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और अनावश्यक जोखिम न उठाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button