उत्तराखण्डशोक

पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को कांग्रेस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई शोकसभा

देहरादून, 26 जुलाई। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में शोकसभा का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में आयोजित इस शोकसभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय बिष्ट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट कांग्रेस पार्टी के अनुभवी, कर्मठ और जनप्रिय नेता थे। उनके निधन से न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक के अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हीरा सिंह बिष्ट ने सदैव जनहित के मुद्दों को मजबूती से सदन में उठाया और मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
गोदियाल ने कहा कि छात्र राजनीति से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर अनेक संघर्षों और उपलब्धियों से भरा रहा। उनके अनुभवी नेतृत्व और मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनका असमय निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है और राजनीति में उनके द्वारा छोड़ा गया स्थान भर पाना संभव नहीं होगा।
शोकसभा से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के आवास पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया तथा कांग्रेस पार्टी का ध्वज समर्पित कर समस्त कांग्रेस परिवार की ओर से श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
शोकसभा में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, विजय सारस्वत, राजेन्द्र शाह, सुरेन्द्र रांगड़, नवीन जोशी, अश्विनी बहुगुणा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता सुजाता पॉल, डॉ. प्रतिमा सिंह, मंजू त्रिपाठी, राजीव कुमार, आशीष नौटियाल, उपेन्द्र थापली, यशपाल चौहान, कविन्द्र इष्टवाल, पिया थापा, अखिलेश उनियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button