पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. हीरा सिंह बिष्ट को मुख्यमंत्री धामी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक
देहरादून,
26 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को डी.एल. रोड, देहरादून स्थित उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के निजी आवास पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. बिष्ट ने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में दिए गए योगदान को याद किया।