उत्तराखण्डविशेष समाचार

सफाई कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निकलेगा समाधान, वार्ता से बनेगी सहमति: अशोक वर्मा

देहरादून, 25 जुलाई। नगर निगम देहरादून में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूरी यूनियन द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इससे पूर्व यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वेद, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ सोनू खैरवाल तथा सचिव धीरज भारती ने अशोक वर्मा से मुलाकात कर कर्मचारियों की मांगों से अवगत कराया। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें कई बिंदुओं पर सकारात्मक सहमति बनी।
इसके बाद अशोक वर्मा ने नगर निगम देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल से उनके कार्यालय में भेंट कर यूनियन की मांगों पर विस्तार से चर्चा की और उनका शीघ्र समाधान निकालने का आग्रह किया।
धरना स्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अशोक वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड सरकार कर्मचारियों की सरकार है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सभी कर्मचारियों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समय-समय पर कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है तथा मुख्यमंत्री स्वयं भी कर्मचारियों की जायज मांगों के प्रति संवेदनशील हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी वाजिब मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
अशोक वर्मा ने कहा कि किसी भी समस्या का स्थायी समाधान धरना-प्रदर्शन से नहीं, बल्कि आपसी संवाद और सकारात्मक वार्ता से निकलता है। उन्होंने कर्मचारियों से संयम बनाए रखने तथा शांति एवं अनुशासन के साथ अपनी बात रखने की अपील की।
उन्होंने यूनियन पदाधिकारियों को यह भी भरोसा दिलाया कि नगर निगम महापौर के साथ होने वाली वार्ता सकारात्मक रहेगी और कर्मचारियों की समस्याओं का संतोषजनक समाधान निकालने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button