167वें आयकर दिवस पर देहरादून में भव्य कार्यक्रम का आयोजन
ओएनजीसी ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में शीर्ष करदाताओं एवं प्रतियोगिता विजेताओं को किया गया सम्मानित
ओएनजीसी को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए टॉप कॉर्पोरेट करदाता का मिला सम्मान
– सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं नाट्य मंचन ने समारोह को बनाया आकर्षक
देहरादून 24 जुलाई।
शुक्रवार को आयकर विभाग, देहरादून के तत्वावधान में 167वें आयकर दिवस के अवसर पर ओएनजीसी ऑडिटोरियम, देहरादून में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्रीमती अपर्णा करण, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, कानपुर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में स्वागत संबोधन श्रीमती सुनीता सिंह, प्रधान आयकर आयुक्त, देहरादून ने दिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. रेनूका जैन गुप्ता, मुख्य आयकर आयुक्त, देहरादून तथा गेस्ट ऑफ ऑनर श्रीमती शेफाली स्वरूप, मुख्य आयकर आयुक्त, गाजियाबाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में आयकर विभाग, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) एवं उत्तराखण्ड क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें आयकर विभाग के कर्मचारियों द्वारा ‘नोटिस पीरियड’ नाट्य का मंचन किया गया। इस अवसर पर आयकर विभाग द्वारा प्रदेश के शीर्ष 10 करदाताओं को सम्मानित किया गया। ओएनजीसी को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए टॉप कॉर्पोरेट करदाता के सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही आयकर विभाग द्वारा आयोजित चित्रकला एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, बार एसोसिएशन तथा शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री एस.के. चटर्जी, आयकर आयुक्त (अपील) ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।


