राहुल गांधी के विरोध में भाजपा का कांग्रेस भवन घेराव, लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन का लगाया आरोप
देहरादून,22 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री के आवास का घेराव करना अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत हैं तथा समाज में अराजकता और अशांति फैलाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए राहुल गांधी को अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
महानगर अध्यक्ष
ने कहा कि भाजपा का विरोध प्रदर्शन पूरी तरह संवैधानिक तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को विरोध का अधिकार है, लेकिन वह समाज हित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समाज में भ्रम की स्थिति पैदा कर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है तथा बार-बार लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करती रही है।
प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, ज्योति प्रसाद गैरोला, कैबिनेट मंत्री एवं राजपुर विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, बृजभूषण गैरोला, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मंदौली सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, पार्षद, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।