जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
रुद्रप्रयाग में 22 एवं 23 सितम्बर को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है
चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को जनसंख्या गणना की प्रक्रियाओं, दायित्वों और तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
– पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में जनगणना कार्य के सुचारु संचालन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
– अधिकारियों एवं कार्मिकों से जनगणना कार्य को शुद्धता, गुणवत्ता और आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का आह्वान।
रुद्रप्रयाग,22 सितम्बर 2026:जनगणना-2027 के द्वितीय चरण, अर्थात् जनसंख्या गणना, की तैयारियों के क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग में 22 एवं 23 सितम्बर 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा, आईएएस ने भी प्रतिभाग किया और सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्य से संबंधित प्रशिक्षण को गंभीरता एवं पूर्ण मनोयोग से प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय की ओर से सहायक निदेशक श्री संजीव कुमार, मास्टर ट्रेनर श्री नितीश रावत एवं श्री गौरव पुरोहित द्वारा चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, निर्धारित दायित्वों, कार्यप्रणाली एवं तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक नियोजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आधारभूत प्रक्रिया है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंख्या गणना के कार्य को निर्धारित समयसीमा में शुद्धता, गुणवत्ता एवं आपसी समन्वय के साथ संपादित करने का आह्वान किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को जनगणना कार्य से जुड़े सभी कर्मियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने तथा कार्य के सुचारु एवं प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पिथौरागढ़, 22 सितम्बर 2026: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के क्रम में जनपद पिथौरागढ़ में चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री आशीष कुमार भटगाईं की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनगणना कार्य के सफल एवं सुचारु संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री योगेंद्र सिंह, जिला जनगणना समन्वयक श्री अनुपम आर्य, एसआई ग्रेड-2 श्री बालम सिंह दानू, सीनियर ड्राफ्ट्समैन सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यालय सहायक निदेशक की ओर से भी संबंधित अधिकारियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, निर्धारित दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री आशीष कुमार भटगाईं ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक नियोजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आधारभूत प्रक्रिया है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षण के दौरान दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने तथा जनसंख्या गणना के कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरी निष्ठा, शुद्धता एवं आपसी समन्वय के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने तथा जनगणना कार्य की गुणवत्ता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
दोनों जनपदों में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्यों को व्यवस्थित, प्रभावी एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर संपादित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।



