उत्तर प्रदेशताज़ा खबर

कैराना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 70 लाख रुपये की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

शामली। जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैराना थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने  एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई है। बरामद की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी जा रही है।

“ऑपरेशन सवेरा” के तहत हुई कार्रवाई सहारनपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के कुशल नेतृत्व में क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा : नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (SP) एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सुमित शुक्ला के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी (CO) कैराना हेमन्त कुमार के निकट पर्यवेक्षण में कैराना पुलिस टीम ने यह कामयाबी हासिल की।

आम के बाग से दबोचा गया तस्कर: पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को मुखबिर की सूचना पर थाना कैराना पुलिस ने ग्राम भूरा के जंगल में स्थित एक आम के बाग में बने बरामदे के कमरे पर छापेमारी की। वहाँ से पुलिस ने मादक पदार्थ तस्कर मनव्वर पुत्र नजीरा (निवासी ग्राम भूरा, थाना कैराना) को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 314 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 70 लाख रुपये है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कैराना में मु0अ0सं0 506/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी स्मैक कहाँ से लाता था और किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस इसके ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स’ की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

शामली पुलिस की नागरिकों से अपील: इस बड़ी कामयाबी के बाद शामली पुलिस ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान में पुलिस का सक्रिय सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि “नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” कदम बढ़ाते हुए हम सभी को मिलकर शामली जनपद को पूरी तरह से नशामुक्त बनाना है।

रिपोर्ट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।

Related Articles

Back to top button