नशे के खिलाफ झिंझाना पुलिस की ऐतिहासिक स्ट्राइक:, पिछले 6 महीने में 6.5 करोड़ की स्मैक बरामद, 40 तस्कर भेजे जेल

शामली। जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद पुलिस को एक बहुत बड़ी ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। थाना झिंझाना पुलिस ने पिछले छह महीनों में नशे के सौदागरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।थाना झिंझाना के प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र कसाना ने अधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने पिछले छह माह के दौरान क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की है। इन विभिन्न कार्यवाहियों में पुलिस ने कुल 6.5 करोड़ रुपये मूल्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर की अवैध स्मैक बरामद करने में सफलता पाई है।40 बड़े नशा तस्कर पहुंचे सलाखों के पीछेप्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र कसाना के नेतृत्व में पुलिस ने केवल मादक पदार्थ ही बरामद नहीं किए, बल्कि इस काले कारोबार की रीढ़ की हड्डी पर भी वार किया है। स्मैक तस्करी और इस रैकेट को संचालित करने वाले 40 कुख्यात नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस की इस सख्त घेराबंदी से अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय ड्रग माफियाओं के हौसले पूरी तरह पस्त हो गए हैं।’ऑपरेशन सवेरा’ के तहत जारी रहेगी कार्रवाईथाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशन में क्षेत्र को पूरी तरह अपराध और नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत नशा तस्करों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स को खंगाला जा रहा है ताकि इस अवैध धंधे में छिपे हर छोटे-बड़े चेहरे को बेनकाब किया जा सके। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि युवा पीढ़ी को नशे के अंधकार से बचाया जा सके।
रिपोर्ट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।



