रविवार को दो बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के निर्देश
देहरादून,17 जुलाई 2026। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने रविवार,
19 जुलाई को जनपद में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में बताया गया कि उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा उच्च न्यायालय नैनीताल के अधीनस्थ कार्यालयों में सहायक समीक्षा अधिकारी, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक एवं टाइपिस्ट परीक्षा-2025 का आयोजन जनपद के 8 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक एक पाली में होगी, जिसमें 3,908 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा संचालन के लिए 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 3 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा, संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (असिस्टेंट कमांडेंट) परीक्षा-2026 जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम सत्र सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तथा द्वितीय सत्र दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। इस परीक्षा में 4,266 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
एडीएम के.के. मिश्रा ने सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को समय से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं नियमानुसार जमा कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस, शिक्षा विभाग, कोषागार तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि दोनों परीक्षाएं पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

